March 7, 2026

Pradhan Express

News Portal

आंध्र प्रदेश से चार धाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की एसएसपी देहरादून ने की मदद,

आंध्र प्रदेश से चार धाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की एसएसपी देहरादून ने की मदद,

 

देहरादून। उत्तराखंड की मित्र पुलिस हमेशा से ही लोगों के लिए मित्रता का परिचय देते हुए आगे रहती है। लेकिन उससे भी खास बात यह है कि यात्रियों के लिए मित्र पुलिस हमेशा देवदूत का काम करती है। ऐसा ही एक कार्य देहरादून के एसएसपी ने चरितार्थ करके दिखाया है। जब आंध्र प्रदेश एक परिवार ने एसएसपी से मिलकर अपना दुखड़ा बयान किया तो एसएसपी उनकी मदद किए बगैर अपने आप को रोक नहीं पाए।

आंध्र प्रदेश से चार धाम यात्रा हेतु आयी महिला श्रद्धालुओं के द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून से पुलिस कार्यालय में मुलाकात की गई, उनके द्वारा बताया गया की उनके परिवार से 5 महिलाएं तथा एक पुरुष तेलंगाना से वैष्णो देवी की यात्रा पर गए थे।

वैष्णो देवी में दर्शन करने के उपरांत वे सभी चार धाम यात्रा हेतु उत्तराखंड आए थे। गंगोत्री धाम के दर्शन करने के उपरांत वर्षा अधिक होने के कारण वे सभी लोग आंध्र प्रदेश वापस जाने के लिए बस से देहरादून आ गए, परंतु देहरादून आने के उपरांत उनका बैग कही गुम हो गया, जिसमें उनके आधार कार्ड, वापसी के टिकट, 35 हज़ार रुपये नगद, मोबाइल तथा अन्य सामान था, वर्तमान में उनके पास वापस जाने के पैसे नहीं है, तथा उनमें से एक बुजुर्ग महिला की तबीयत खराब होने के कारण उसे दून अस्पताल ले जाया गया है, जिस पर एसएसपी द्वारा तत्काल एक पुलिसकर्मी को उक्त बुजुर्ग महिला के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु दून अस्पताल भिजवाया गया।

साथ ही उक्त श्रद्धालुओं के देहरादून से दिल्ली जाने के लिए वाहन का इंतेजाम करवाया गया तथा दिल्ली से तेलंगाना के लिए रेलवे टिकट की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु अधिनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया गया, इसके अतिरिक्त मार्ग में खाने-पीने व अन्य व्यय के लिए उक्त महिला श्रद्धालुओं को नगद धनराशि देते हुए उनकी सहायता की गयी।

पुलिस से मिली त्वरित सहायता से भावुक होते हुए उक्त महिला श्रद्धालुओं द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली की मुक्त कंठ से प्रशंसा की गयी।

news