September 30, 2026

Pradhan Express

News Portal

नयागांव में सुबह-सुबह एनकाउंटर: राजस्थान के 2 बदमाश अरेस्ट

नयागांव में सुबह-सुबह एनकाउंटर: राजस्थान के 2 बदमाश अरेस्ट

देहरादून। तड़के सुबह दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। नयागांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस ने राजस्थान के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। मौके से दो देशी तमंचे, जिंदा-खोखा कारतूस और RJ नंबर की स्विफ्ट कार बरामद हुई है।

कैसे शुरू हुई मुठभेड़?

नयागांव चौकी बैरियर पर पुलिस नाकेबंदी कर सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान RJ नंबर की एक स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में आई और बैरियर को टक्कर मारकर सेलाकुई की ओर भाग निकली। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू कर दिया।

बदमाश चांदनी चौक होते हुए भूरपुर की तरफ भागे। रामगढ़ रपटे के पास उन्होंने कार छोड़ी और नदी की तरफ भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे मौके पर ही दबोच लिया गया। दूसरे बदमाश को पुलिस ने घेराबंदी कर पीछा करने के बाद गिरफ्तार किया। गैंग के तीन अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

इलाज और अफसरों का दौरा

घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही SSP समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली।

क्या-क्या बरामद हुआ?

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे, खाली खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल RJ नंबर की स्विफ्ट कार भी कब्जे में ले ली गई है।

पुलिस का बयान”चेकिंग के दौरान बदमाशों ने बैरियर तोड़ा और पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ है। दोनों राजस्थान के रहने वाले हैं। फरार बदमाशों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।” : SSP देहरादून

news