उत्तरकाशी हिमालय में फंसे ट्रैकर्स के लिए देवदूत बनीं रेस्क्यू टीमें, मौसम से जंग जारी
उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में दिनांक 26 एवं 27 सितम्बर को अचानक हुई बारिश एवं बर्फबारी के कारण फंसे ट्रैकर्स एवं एक्सपीडिशन दलों के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए पुलिस एवं प्रशासन सहित विभिन्न सुरक्षा एवं राहत-बचाव एजेंसियों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, प्रतिकूल मौसम एवं बर्फबारी के बावजूद रेस्क्यू अभियान में जुटी संयुक्त टीमें पूरी मुस्तैदी एवं आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दे रही हैं।
जिलाधिकारी उत्तरकाशी, प्रशान्त आर्य एवं पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय द्वारा हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का मौके पर जायजा लिया गया। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में जुटी पुलिस, प्रशासन, सेना, वायुसेना, SDRF, NDRF एवं आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमों से बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। ट्रैकर्स की वर्तमान लोकेशन, मौसम की स्थिति तथा हवाई एवं पैदल रेस्क्यू मार्गों की स्थिति के संबंध में जानकारी लेते हुए अधिकारियों एवं रेस्क्यू टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रेस्क्यू टीमों द्वारा गंगोत्री के उच्च हिमालयी एवं बर्फबारी प्रभावित ऑडेन कोल (Auden’s Col) क्षेत्र से फंसे सभी 29 ट्रैकर्स का सफलतापूर्वक हेली रेस्क्यू किया जा चुका है। हर्षिल हेलीपैड पहुंचने पर सभी रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण उपलब्ध कराया गया। इसके उपरांत सभी को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
वहीं कालिंदी पास क्षेत्र से अब तक 09 ट्रैकर्स को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। शेष ट्रैकर्स को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हेली रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। दुर्गम एवं बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू टीमों द्वारा मौसम एवं परिस्थितियों का लगातार आकलन करते हुए बचाव अभियान संचालित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी उत्तरकाशी द्वारा हेलीपेड पर राहत एवं बचाव कार्यों मे जुटे विभागों को निर्देशित किया कि ट्रैकर्स की सुरक्षा को पहली प्राथमिकता देते हुये रेस्क्यू के उपारन्त हेलीपेड पर पहुंचने वाले ट्रैकर्स के लिए पर्याप्त राहत सामग्री, तत्काल प्राथमिक उपचार, गर्म कपड़े, भोजन एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि रेस्क्यू के बाद उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एसपी उत्तरकाशी मl द्वारा रेस्क्यू अभियान में जुटी सभी टीमों का मनोबल बढाते हुये कहा गया कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों एवं विपरीत मौसम के बावजूद सभी एजेंसियों द्वारा जिस प्रकार निरंतर समन्वय एवं तत्परता के साथ बचाव कार्य किया जा रहा है, वह सराहनीय है। उन्होंने सभी टीमों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए रेस्क्यू कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं सुरक्षित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे प्रत्येक ट्रैकर को सुरक्षित रेस्क्यू करना पुलिस एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस, प्रशासन, SDRF, NDRF, सेना, वायुसेना/एयर एविएशन, आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव कार्यों से जुड़ी अन्य एजेंसियां पूरी मुस्तैदी एवं समन्वय के साथ रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं। *पुलिस उपाधीक्षक, संजय उप्रेती के नेतृत्व में देहरादून से SDRF का एक 15 सदस्यीय विशेष दल भी रेस्क्यू अभियान में जुटा है।
मुख्यमन्त्री उत्तराखण्ड शासन एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन की लगातार निगरानी की जा रही है तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
More Stories
चाराधाम यात्रा में पहुंच रहे हैं रिकॉर्ड श्रद्धालु,बद्रीनाथ एवं गंगोत्री यात्रा नया रिकॉर्ड बनाने की ओर अग्रसर
26 और 27 सितंबर को रेड अलर्ट के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित रहेंः मुख्यमंत्री धामी
फनींद्रनाथ शर्मा बने भाजपा के नए संगठन महामंत्री, प्रदेश मुख्यालय में हुआ भव्य स्वागत