April 26, 2026

Pradhan Express

News Portal

ओवर ब्रिज के नीचे अस्थाई गौशाला को हटाने की एसडीएम से व्यापारियों और नागरिकों ने की मांग

ओवर ब्रिज के नीचे अस्थाई गौशाला को हटाने की एसडीएम से व्यापारियों और नागरिकों ने की मांग

लक्सर। नगर के व्यापारियों और आम नागरिकों ने उप जिलाधिकारी से नगर में घूम रहे लावारिस पशुओं से निजात दिलाने की गुहार लगाते हुए ओवर ब्रिज के नीचे बनी अस्थाई गौशाला को हटाने की मांग की है।
“स्थानीय प्रशासन की लापरवाही के चलते नगर के मध्य स्थित हरिद्वार-पुरकाजी मार्ग पर बने ओवर ब्रिज के नीचे नगर पालिका परिषद द्वारा स्थापित अस्थाई गौशाला नागरिकों के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। यहां पर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से ग्रामीण अपने नवजात बछड़ों को लावारिस अवस्था में छोड़ कर चले जाते हैं, जो दिन भर सड़क पर व आस-पास की गलियों में आवारा घूमते रहते हैं। जिससे आने जाने वाले नागरिकों और वाहनों को भारी परेशानी होती है।

गौशाला से मात्र 10 गज की दूरी पर स्थित मोंट फोर्ट चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल में आने जाने के दौरान छोटे-बड़े बच्चों को यह लावारिस बछड़े मारने की कोशिश करते हैं, जिससे कई बार बच्चे,बड़े तथा वाहन चालक भी घायल हो चुके हैं। इस संबंध में नागरिकों ने मीडिया के माध्यम से एवं स्वयं मिलकर नगर पालिका परिषद के चेयरमैन अमरीश गर्ग (भाजपा) से इस गौशाला को हटाने की मांग की है लेकिन उन्होंने इस और कोई ध्यान नहीं दिया, यही हाल इस क्षेत्र के दो वार्ड सभासदों का है, दोनों सभासद सत्तारूढ़ भाजपा से संबंधित होने के चलते देख कर भी अनदेखी कर रहे हैं। व्यापारी प्रेम सिंह पुंडीर का कहना है कि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अमरीश गर्ग की हठधर्मिता के चलते ही यह गौशाला आज तक यहां से हटाई नहीं गई है।

व्यापारी कुवंर पाल(कपड़े वाले) का कहना है कि इन लावारिस पशुओं के कारण किसी दिन कोई बड़ी अनहोनी घट जाए कहा नहीं जा सकता है।वही व्यापारी अरुण गर्ग, प्रशांत गोयल, डॉक्टर मोनू, नरेश कश्यप, अंकित धीमान, सुशील चौधरी आदि का कहना है कि उनकी दुकानों के सामने यह पशु प्रतिदिन गंदगी कर देते हैं जिन की दुर्गंध से उन्हें और दुकान पर आने वाले ग्राहकों को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।क्षेत्र के व्यापारीयों,आम नागरिकों और मोंटफोर्ट चिल्ड्रन स्कूल के प्रबंधक जसवीर सिंह ने उप जिलाधिकारी गोपाल राम बिनवाल से अपील की है कि इस अस्थाई गौशाला को जनहित में यहां से हटाया जाना अति आवश्यक है। इसलिए इसको नगर से बाहर स्थापित कराया जाएं।

news